डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय) आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन एवं इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर बुधवार को बाइट भवन, भगवानपुर में प्रखंड के प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में विद्यालयों के माध्यम से शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जोड़ने की जानकारी दी गई। इस दौरान परियोजना समन्वयक सुमित कुमार एवं ब्रजेश भारद्वाज ने प्रधानाध्यापकों को मिशन के उद्देश्यों एवं इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने विशेष रूप से आभा (ABHA) कार्ड निर्माण की प्रक्रिया और इसके लाभों की जानकारी दी। बताया गया कि आभा कार्ड के माध्यम से व्यक्ति अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकता है। इससे जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियां आसानी से प्राप्त करने में सहूलियत होगी।
प्रशिक्षकों ने प्रधानाध्यापकों से अपील की कि वे अपने-अपने विद्यालयों में शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को इस मिशन के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ सकें।
मौके पर प्रधानाध्यापक रईस, अशोक, रामनंदन, विश्वनाथ, डेजी, रवि प्रकाश, अनुपम सहित प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक मौजूद थे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट