डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय:|पार्टी में नवनियुक्त जिले और प्रखंड के पदाधिकारियों की बैठक जिले के दिनकर भवन में हुई। बैठक में मुख्य रूप से जन सुराज से सूत्रधार उपस्थित थे। अस दौरान जन सुराज के संगठन को कैसे मजबूत किया जाए और इस विचार एवं प्रयास को घर-घर तक कैसे पहुंचाया जाए, इसपर चर्चा की गई।

मधुबनी में जिस तरह की घटना सामने आई, प्रशांत किशोर बोले– इंसाफ की लड़ाई में जन सुराज पीड़ित परिवार के साथ
इस दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि मधुबनी की घटना के बाद जन सुराज की जिला इकाई के सभी नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। प्रशासन से कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम और धरना-प्रदर्शन के माध्यम से दबाव बनाया गया और यह पूरी लड़ाई जन सुराज के नेतृत्व में लड़ी गई। आज जन सुराज पार्टी का राज्यस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी घटनास्थल पर गया। प्रतिनिधिमंडल के वापस लौटने और अपनी रिपोर्ट सौंपने के बाद उसके आधार पर इंसाफ के लिए पार्टी की ओर से जो भी जरूरी कदम होंगे, उठाए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस लड़ाई में जन सुराज पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है। जो हुआ है, वह प्रथम दृष्टया गलत दिख रहा है। प्रशासन की भूमिका इसमें क्या रहती है? जिस ASI ने इसमें गोली चलाई है, उस पर मर्डर का केस दर्ज होता है या नहीं, इन सभी पहलुओं को अगले एक-दो दिनों में हम देखेंगे। पार्टी का प्रतिनिधिमंडल वहां गया है। जैसे ही उसकी रिपोर्ट हम लोगों को मिलेगी, उसके आधार पर हमें जो उचित कार्रवाई लगेगी, वह हम करेंगे।
प्रशांत किशोर का भाजपा में शामिल हुए निर्दलीय MLC पर बड़ा हमला, बोले– सदस्यता जाना तय, उन्हें कोई नहीं बचा सकता*
प्रशांत किशोर ने निर्दलीय MLC के भाजपा ज्वाइन करने पर कहा कि अगर उन्हें लगता है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है और सत्ता के दम पर उनकी सदस्यता बचा ली जाएगी, तो यह उनकी गलतफहमी है। उन्होंने गैर-संवैधानिक काम किया है और नियमों का उल्लंघन किया है, तो उन्हें इसकी सजा हर हाल में भुगतनी पड़ेगी। सरकार किसी की भी हो, कोई भी व्यक्ति संविधान और कानून से ऊपर नहीं है।
सारण शिक्षक क्षेत्र से प्रत्याशी आफाक अहमद और तिरहुत स्नातक क्षेत्र के प्रत्याशी विमोहन जी विधान परिषद के सभापति को प्रत्याशी के तौर पर याचिका भी देंगे।
प्रशांत किशोर का मुख्यमंत्री पर तंज, बोले– हर 5-10 दिन में अपने बयानों से जनता को हंसने का अवसर दे देते हैं
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने ऐसे व्यक्ति को अपना मुख्यमंत्री बनाया है, जो हर पाँच-दस दिन में अपने बयानों और कामों से लोगों को हंसने का अवसर देते हैं। कभी एफिडेविट के जरिए, कभी पीएफसी कोर्स के जरिए, कभी फिजिक्स की यूनिवर्सिटी बनाकर तो कभी ‘अपराधी, अपराध नहीं, क्राइम है’ जैसे बयान देकर चर्चा का विषय बन जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब आप सातवीं फेल व्यक्ति को नेता बनाएंगे, तो आप उनसे ऐसी ही चीजों की अपेक्षा रख सकते हैं।
मौके पर संजय सिंह (जोनल संगठन प्रभारी), अजीत गौतम (जोनल मीडिया प्रभारी), संजय गौतम (महासचिव), कुमार गौतम (जोनल युवा प्रभारी), सोनू सिंह (जिला अध्यक्ष), डॉ. मृत्युंजय कुमार, डॉ. हेमंत कुमार, डॉ. रंजन चौधरी, रूपम कुमारी (जिला प्रवक्ता, महिला), प्रमोद पाठक (जिला प्रवक्ता), नीलकमल निशांत, योगाचार्य रंजीत जी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
डीएनबी भारत डेस्क