डीएनबी भारत डेस्क
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी अनिल झा की शानदार जीत की खबर मिलते ही बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद शुक्रवार को राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सड़क पर उतरकर भव्य विजय उत्सव मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी, मिठाइयां बांटी और जमकर आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया।

उत्सव के दौरान कार्यकर्ताओं ने महागठबंधन और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। पूरा माहौल जीत के उल्लास और नारों से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक सफलता पर राजद के जिला प्रवक्ता श्याम प्रसाद दास ने कहा, दरभंगा स्नातक सीट पर अनिल झा की यह प्रचंड जीत केवल एक व्यक्ति की जीत नहीं, बल्कि क्षेत्र के जागरूक शिक्षकों, युवाओं, छात्रों और शिक्षित मतदाताओं के विश्वास की जीत है। जनता ने महागठबंधन की नीतियों और विकासवादी सोच पर मुहर लगाई है।
यह परिणाम स्पष्ट संदेश देता है कि शिक्षित वर्ग अब बदलाव, रोजगार और हक-अधिकार के पक्ष में पूरी मजबूती से खड़ा है। यह विजय आगामी दिनों में होने वाले राजनीतिक बदलाव का शंखनाद है। प्रदेश युवा उपाध्यक्ष रूपेश कुमार यादव ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की जीत है। साथ ही यह चुनाव यह साबित किया कि मतपत्र से चुनाव होने पर सही फैसले सामने आते हैं।स्नातक क्षेत्र के सभी बुद्धिजीवी मतदाताओं समेत कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं ।बछवाड़ा प्रखंड अध्यक्ष सुनील यादव और राजद नेता बलराम निषाद ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत और जनता के अपार समर्थन से यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल हुआ है।
कार्यक्रम में रामउदित यादव,प्रशांत कुमार ‘दीपक’मनोज कुमार,अशोक यादव प्रभात यादव,मुकेश मेहता समेत दर्जनों कार्यकर्ता समेत पार्टी के दर्जनों समर्पित नेता, युवा कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में नवनिर्वाचित विधान पार्षद अनिल झा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट
