डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के गोविंदपुर तीन पंचायत के मध्य विद्यालय सूरो में पदस्थापित प्रधानाध्यापक मो. यूसुफ सरवर का बुधवार देर रात अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे और दलसिंहसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने जीवन की अंतिम सांस ली।

उनके इंतकाल की खबर मिलते ही विद्यालय के शिक्षकों, छात्रों और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानाध्यापक ने अपनी अस्वस्थता के बीच ही बहन का निकाह तय किया था, जो गुरुवार को संपन्न होना था। जिस घर में शहनाई बजने वाली थी, उसी घर मातम छा गया। निकाह से ठीक पहले भाई का जनाजा उठने से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। नम आंखों और भारी मन से बहन ने अपने भाई को अंतिम विदाई दी।
गुरुवार दोपहर जब उनका पार्थिव शरीर चिरंजीवीपुर स्थित पैतृक आवास पहुंचा, तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमर पड़ा। इसके बाद पूरे सम्मान के साथ उन्हें सुपुर्दे-खाक किया गया। इधर मध्य विद्यालय सूरो में प्रधानाध्यापक के निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद सम्मान स्वरूप विद्यालय में पठन-पाठन स्थगित कर दिया गया।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट
