डीएनबी भारत डेस्क
बरौनी। पंजाब के मलोट में आयोजित “एक भारत श्रेष्ठ भारत नेशनल कैंप” में बरौनी की ए.पी.एस.एम. कॉलेज की गर्ल्स एनसीसी कैडेट स्तुति कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में चार मेडल अपने नाम किए। 10 दिवसीय इस राष्ट्रीय शिविर में स्तुति कुमारी ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से अपने महाविद्यालय के साथ-साथ 9 बिहार बटालियन एनसीसी, ओ.टी.सी. बरौनी का भी नाम रोशन किया।
स्तुति कुमारी ने रस्साकस्सी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर पहला मेडल हासिल किया। इसके बाद वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसमें स्तुति कुमारी को दूसरा मेडल मिला।
वहीं, सिंगिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त किया और तीसरा मेडल अपने नाम किया। इसके अलावा टेबल ड्रिल में बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें चौथे मेडल से सम्मानित किया गया।
एक ही राष्ट्रीय शिविर में चार मेडल हासिल कर स्तुति कुमारी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार परिचय दिया है। उनके इस उपलब्धि से ए.पी.एस.एम. कॉलेज, बरौनी एवं 9 बिहार बटालियन एनसीसी, ओटीसी बरौनी में हर्ष का माहौल है। उनकी इस सफलता पर महाविद्यालय के शिक्षकों, एनसीसी अधिकारियों एवं साथी कैडेटों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
डीएनबी भारत डेस्क