डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा के रहुई में एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर गरजा है। हाईकोर्ट के आदेश पर हवनपुरा गांव में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आठ मकानों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई।

दरअसल, हवनपुरा गांव में सरकारी आम रास्ते की जमीन पर अतिक्रमण का मामला सामने आया था। बुधवार को अंचलाधिकारी राजकमल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। प्रशासन के मुताबिक, 13 मकान मालिकों को घर खाली करने का नोटिस दिया गया था।कार्रवाई के दौरान विनय कुमार सिंह, बमबम सिंह, इंदु देवी, भोला कुमार, साकेत कुमार, राम इकबाल सिंह, विजय कुमार सिंह और अजय सिंह के मकानों को तोड़ दिया गया।
वहीं गृहस्वामियों का आरोप है कि अचानक प्रशासन गांव में पहुंचकर मकान तोड़ने लगे। कुछ लोगों ने नोटिस मिलने की बात भी स्वीकार की। अंचलाधिकारी ने बताया कि शेष मकानों को गुरुवार को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
डीएनबी भारत डेस्क