डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय): मध्य विद्यालय प्रखंड कॉलोनी भगवानपुर में बुधवार को “नशामुक्त समाज: स्वस्थ एवं समृद्ध भविष्य की नींव” एवं “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” थीम पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें स्लोगन लेखन, पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कक्षा 6 से 8 वर्ग के स्लोगन लेखन में मध्य विद्यालय पालीडीह की डोली कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर निर्माण में उत्क्रमित मध्य विद्यालय अतरुआ की चांदनी कुमारी तथा निबंध लेखन में पीएमश्री उच्च विद्यालय दामोदरपुर की मानवी कुमारी प्रथम रहीं।
इसी प्रकार कक्षा 9 से 10 वर्ग के निबंध लेखन में उच्च विद्यालय चक्का सहिलोरी के अनुष कुमार एवं स्लोगन लेखन में इसी विद्यालय के दीपांशु कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में मध्य विद्यालय प्रखंड कॉलोनी की परिधि, साक्षी, प्रीति, तितिक्षा एवं स्वाति की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। प्रखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता आर्ट गैलरी सह प्रेक्षागृह, कंकौल, बेगूसराय में आयोजित होगी।
मौके पर अशोक, रईस, अमित, कमलेश, धनंजय, संदीप, नंद, रूपा, शानू, प्रियंका एवं अंशिका निर्णायक मंडल के रूप में उपस्थित थे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट