डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय): भगवानपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो पिकअप क्रेन गाड़ी के तहखाने से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो पिकअप क्रेन गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जगदीशपुर पुल से पश्चिम एक बोलेरो पिकअप क्रेन गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में फंसी हुई है। सूचना मिलते ही एसआई सुमित कुमार एवं एसआई अभिषेक रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गाड़ी को कब्जे में लेकर थाना ले आए।
थाना परिसर में गाड़ी की जांच के दौरान उसमें विशेष रूप से बनाए गए तहखाने का पता चला। तहखाने को तोड़कर तलाशी लेने पर रॉयल ग्रीन कंपनी की 750 एमएल की 24 कार्टून एवं 375 एमएल की 24 कार्टून विदेशी शराब के अलावा 750 एमएल की 126 खुली बोतलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा 526.5 लीटर है।
पुलिस ने यूपी 25 जीटी 0276 नंबर की बोलेरो पिकअप क्रेन गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। बरामद शराब एवं वाहन को थाना लाकर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट