डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा के थरथरी थाना क्षेत्र के अस्ता गांव में बिजली का काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक बिजलीकर्मी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बिजलीकर्मी झुलस गए। मृतक की पहचान नगीना पासवान के रूप में हुई है।

वहीं, घायल साजन पासवान समेत दो बिजलीकर्मियों का इलाज चल रहा है। इनमें एक का इलाज निजी क्लीनिक में कराया जा रहा है, जबकि तीसरा बिजलीकर्मी मामूली रूप से झुलसा है।परिजनों के मुताबिक, अस्ता गांव में ठेकेदार के माध्यम से बिजली के तार बदलने का काम चल रहा था। काम शुरू करने से पहले बिजली विभाग से शट डाउन लिया गया था।
इसके बाद बिजलीकर्मी बिजली के खंभे पर चढ़कर तार बदल रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली प्रवाहित हो गई, जिससे तीन बिजलीकर्मी करंट की चपेट में आ गए।घटना के बाद परिजनों ने ठेकेदार और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि यदि शटडाउन के बाद बिजली प्रवाह नहीं होता तो यह हादसा नहीं होता। फिलहाल थरथरी थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
डीएनबी भारत डैस्क