मामला लाखो थाना क्षेत्र के राम टोला वार्ड नंबर-12 का है।
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां एक सैलून संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए अवैध संबंध को लेकर साजिश रचकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि युवक का एक महिला से पिछले दो वर्षों से संबंध था और इसी वजह से उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया।

मामला लाखो थाना क्षेत्र के राम टोला वार्ड नंबर-12 का है। मृतक की पहचान राजेश ठाकुर के रूप में की गई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है।बताया जा रहा है कि राजेश ठाकुर रमजानपुर धबौली पटेल चौक के पास पिछले पांच वर्षों से सैलून चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार की सुबह उसकी मौत की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जब दुकान के अंदर का दृश्य देखा तो उनके होश उड़ गए।परिजनों का आरोप है कि दुकान के पीछे का हिस्सा टूटा हुआ था और राजेश की मौत काफी पहले ही हो चुकी थी।
उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।घटना की सूचना मिलते ही लाखो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब परिजनों ने हत्या के पीछे अवैध संबंध का एंगल सामने रखा। परिवार का आरोप है कि सैलून के बगल में चाय दुकान चलाने वाली एक महिला से राजेश ठाकुर का पिछले दो वर्षों से संबंध था। इस बात को लेकर पहले भी कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी थी। परिजनों का दावा है कि महिला के पति और बेटे ने पहले भी राजेश के साथ मारपीट की थी और लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
उनका आरोप है कि इसी विवाद में राजेश की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यह सचमुच आत्महत्या है या फिर अवैध संबंध के विवाद में रची गई एक खौफनाक साजिश? इसका जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
डीएनबी भारत डेस्क