डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में शारदीय नवरात्र व दुर्गापूजा का पावन पर्व अपार श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस दौरान भवानंदपुर में आयोजित दुर्गापूजा मेले में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।

पूजा के पावन अवसर पर स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह तथा बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार ने भवानंदपुर पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गे के दर्शन किए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं भवानंदपुर निवासी सह केरल सरकार के मुख्य सचिव विश्वनाथ सिन्हा ने भी सपरिवार पूजा पंडाल पहुंचकर माता की विधिवत पूजा-अर्चना की।
बुधवार को भवानंदपुर में माता की भव्य विदाई यात्रा निकाली गई, जिसमें ‘जय माता दी’ के गगनभेदी जयकारों के साथ युवाओं व श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी। देर रात वैदिक मंत्रोच्चार और परंपरा के अनुसार प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
भवानंदपुर दुर्गा पूजा समिति के सचिव ओमप्रकाश सिन्हा ने बताया कि परंपरा के अनुसार इस वर्ष लगभग 1500 बकरों की बलि अर्पित की गई। पूरे आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार एवं एसआई ऋषिकेश कुमार पुलिस बल के साथ लगातार मुस्तैद रहे। प्रखंड के अन्य स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन गुरुवार को किया जाएगा।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट