डीएनबी भारत डेस्क
खगड़िया में गंडक नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से नगर सुरक्षा तटबंध पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है। बाईपास सड़क और 2 नंबर स्लुइस गेट के समीप तटबंध से पानी का रिसाव (लीकेज) शुरू हो गया है, जिसके कारण लोहा पट्टी के पिछले हिस्से में जलजमाव का संकट गहरा गया है।

नदी का पानी शहर की तारा मंदिर वाली गली तक पहुंच चुका है, जिससे स्थानीय लोगों का आवागमन बुरी तरह बाधित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि यदि जलस्तर में थोड़ी और बढ़ोतरी हुई, तो पानी सीधे लोगों के घरों में प्रवेश कर जाएगा। इस स्थिति से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत और चिंता का माहौल है।
खतरे को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बाढ़ नियंत्रण विभाग ने रिसाव को रोकने और तटबंध को मजबूत करने के लिए बालू व मिट्टी से भरी बोरियां डालना शुरू कर दिया है। वहीं, नगर परिषद द्वारा रिहायशी इलाके में जमे पानी को बाहर निकालने के लिए पंपिंग सेट लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलस्तर पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
खगड़िया संवाददाता राजीव कुमार की रिपोर्ट