कई जगह सड़क किनारे पेड़ गिरने से रस्ते भी बाधित रहा, झोपड़ी पर पेड़ गिरा,गाय की हुई मौत
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय):प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की शाम से हुई बेमौसम मुसलाधार बारिश और तेज हवा ने किसानों की कमर तोड़ दी। कुछ ही घंटों की बारिश में तैयार हो रही रबी फसलें बर्बाद हो गईं। वहीं, तेज आंधी के कारण दर्जनों पेड़ धराशायी हो गए, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई।जानकारी के अनुसार तेज हवा के साथ हुई बारिश से गेहूं और मकई की फसलें खेतों में ही गिर गईं।

कई किसानों की सरसों की फसल कटकर खेतों में दौंनी के लिए रखी हुई थी, जिसे भी भारी नुकसान पहुंचा है। मेहदौली , भरडीहा, अतरुआ, काजीरसलपुर, बनवारीपुर, पाली, चुरामनचक, बसही, सतराजेपुर, मल्हीपुर, महेशपुर, दहिया, दामोदरपुर समेत कई बहियारों में लहलहाती फसलें बारिश की भेंट चढ़ गईं।
आंधी के दौरान कई घरों के एस्बेस्टस उड़ गए, जिससे हादसे की आशंका बनी रही। वहीं, जगह-जगह पेड़ गिरने से शुक्रवार शाम से ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पूरी रात क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा, जबकि शनिवार को भी बिजली की स्थिति सामान्य नहीं हो सकी और दिनभर आंख-मिचौली जारी रही।इधर, तेयाय ओपी क्षेत्र के मनसेरपुर अतरुआ गांव में एक दर्दनाक घटना भी सामने आई, जहां एक पेड़ झोपड़ी पर गिर गया।
जिससे झोपड़ी में बंधी गाय की दबकर मौत हो गई। संयोगवश झोपड़ी मालिक योगेंद्र साह उस समय अंदर नहीं थे, जिससे उनकी जान बच गई। काजी रसलपुर पंचायत के मुखिया सह मठाधीश श्री प्रणव भारती, जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ सुन्देश्वर प्रसाद सिंह, कांग्रेस अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सह पूर्व जिला पार्षद रामसोगारथ साह सहित अन्य
स्थानीय जनप्रतिनिधियों व राजनीतिक दलों के नेताओं व क्षेत्र के किसानों ने सरकार से फसल क्षति का सर्वे कर किसानों को मुआवजा देने की मांग की है, ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट