मातृ मृत्यु दर में कमी लाना और छात्राओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता: डीएम उदिता सिंह
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने शनिवार को मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी साझा की और उनके क्रियान्वयन को लेकर मीडिया से फीडबैक एवं सुझाव मांगे।

साथ ही शहर की जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर भी चर्चा की।संवाद कार्यक्रम में डीएम उदिता सिंह ने कहा कि जनजागरूकता के प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में सफलता मिली है। अब प्रशासन का लक्ष्य मातृ मृत्यु दर को कम करना है। इसके लिए गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य जांच, बेहतर इलाज और संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
वहीं, छात्राओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि रास्ते में छेड़छाड़ या अभद्र व्यवहार होने पर छात्राएं बिना डर अपनी शिकायत सामने रखें। डीएम ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बेहतर समन्वय से जनहित के मुद्दों का समाधान और विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है।
डीएनबी भारत डेस्क
