डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर:बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण समस्तीपुर-रोसरा बाईपास मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। श्री कृष्ण उच्च विद्यालय, जितवारपुर कैंपस का करीब 20 साल पुराना विशाल बरगद का पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही, कोई हताहत नही हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार बीती रात तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। इसी दौरान स्कूल कैंपस में लगा पुराना बरगद का पेड़ भरभरा कर मुख्य सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि उस वक्त सड़क पर कोई वाहन या राहगीर नहीं था, वरना किसी बड़े हादसे से इनकार नही किया जा सकता था। पेड़ गिरने से समस्तीपुर-रोसरा बाईपास मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। छोटे वाहनों को गांव के रास्ते से निकाला जा रहा है, लेकिन शहर में नो एंट्री के कारण बड़े वाहनों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। ट्रक और बसें फंसी हुई हैं। घटना की सूचना वन विभाग और नगर निगम को दे दी गई है।
लोगों ने जल्द पेड़ हटवाकर रास्ता क्लियर कराने की मांग की है। सुबह से ही जेसीबी और मजदूरों की मदद से पेड़ काटने का काम शुरू किया गया। रात से ही रोसरा, दलसिंहसराय जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
डीएनबी भारत डेस्क