डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर: पर्रा पंचायत के आक्रोशित ग्रामीणों ने पर्रा-सरौंजा पथ की बदहाली को लेकर एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया है। ग्रामीणों ने सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में स्थानीय सांसद, विधायक और पथ निर्माण मंत्री के तस्वीरों वाले पोस्टर लगाकर उनका नामकरण कर दिया है, जो इस समय पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

ग्रामीणों ने सड़क पर बने गड्ढों का नामकरण करते हुए उन्हें ‘कुंदन कुमार कुंड’ (विधायक), ‘गिरिराज सिंह कुंड’ (सांसद) और ‘संतोष कुमार सिंह/संबंधित मंत्री कुंड’ (पथ निर्माण मंत्री) का नाम दिया है और गड्ढों के पास उनके पोस्टर चस्पा कर अपना आक्रोश जताया है।
मौके पर मौजूद ग्रामीण ऋषभ कुमार, बब्लू सहनी, अरविंद यादव, रंजीत सहनी, मोगल सहनी, संजीत सहनी और संजय कुमार सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि सरौंजा पथ लंबे समय से उपेक्षा का शिकार था। पूर्व विधायक अमिता भूषण के प्रयासों से इस सड़क का कायाकल्प कराया गया था, लेकिन वर्ष 2020 में कुंदन कुमार के विधायक बनने के बाद से इस मार्ग की कोई सुध नहीं ली गई। देखरेख के अभाव में यह सड़क अब पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
ग्रामीणों ने तंज कसते हुए कहा, “कागजों में तो पर्रा को मॉडल पंचायत कहा जाता है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि यहाँ समझ ही नहीं आता कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क।”
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सांसद, विधायक और संबंधित विभाग ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया, तो वे चरणबद्ध और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट
