बछवाड़ा के सूरो गांव में नवविवाहिता का फंदे से लटका मिला शव, मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप

DNB Bharat Desk

बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर तीन पंचायत स्थित सूरो गांव के वार्ड संख्या-13 में रविवार की देर रात एक नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। मृतका की पहचान सूरो गांव निवासी सुबोध कुमार की लगभग 28 वर्षीय पत्नी सीमा कुमारी के रूप में की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

- Sponsored Ads-

परिजनों के मुताबिक, रविवार की रात घर की सभी महिलाएं खाना खाने के बाद सोने चली गई थीं। अहले सुबह जब बारिश शुरू हुई, तो सास सीता देवी खिड़की बंद करने के लिए बहू के कमरे में गईं। वहां उन्होंने देखा कि बहू का शव पंखे से लटक रहा है। यह देखते ही उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत स्थानीय ग्रामीणों और ड्यूटी पर तैनात अपने पुत्र को इसकी सूचना दी। इसके बाद पति ने मायके वालों और बछवाड़ा थाने की पुलिस को फोन पर घटना की जानकारी दी।

खगड़िया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रहीमपुर गांव निवासी मृतका की मां गायत्री देवी ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सीमा कुमारी की शादी 7 मई 2023 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ सूरो गांव निवासी नक्कट सहनी के पुत्र सुबोध कुमार के साथ हुई थी। उन्होंने हैसियत के मुताबिक दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वालों की भूख शांत नहीं हुई।

बछवाड़ा के सूरो गांव में नवविवाहिता का फंदे से लटका मिला शव, मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप 3माता का आरोप है कि सुसराल पक्ष के लोग बेटी को ‘बांझ’ बताकर लगातार प्रताड़ित कर रहे थे और कहते थे कि बच्चा न होने पर वे दूसरी शादी कर लेंगे। इसी को लेकर उनकी पुत्री की गला दबाकर हत्या की गई है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मृतका का पति आरपीएफ में कार्यरत है और फिलहाल ओडिशा के पुरी में ड्यूटी पर है। मृतका पढ़ाई में काफी होनहार थी और बीएड सेकेंड पार्ट की छात्रा थी। पति उसे पढ़ाने में पूरा सहयोग कर रहा था।

घटना को लेकर बछवाड़ा थानाध्यक्ष परमेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया फांसी लगाने का मामला सामने आया है। निष्पक्ष जांच के लिए फॉरेंसिक टीम (FSL) को बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share This Article