यू-डायस प्लस मोबाइल ऐप से होगी सरकारी स्कूलों की जियो-टैगिंग, प्रधानाध्यापकों को एक सप्ताह में कार्य पूरा करने का निर्देश

DNB Bharat Desk
- Sponsored Ads-

भगवानपुर (बेगूसराय)। जिले के सरकारी विद्यालयों की सटीक भौगोलिक स्थिति दर्ज करने को लेकर शिक्षा विभाग ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब जिले के सभी सरकारी विद्यालयों की जियो-टैगिंग यू-डायस प्लस (U-DISE Plus) के जीआईएस कैप्चर मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी।

 इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, बेगूसराय के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा अभियान) ने जिले के सभी विद्यालय प्रधानों एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किया है।

जारी पत्र के अनुसार, भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा U-DISE Plus GIS Capture Mobile App लॉन्च किया गया है। इस ऐप के माध्यम से विद्यालयों की वास्तविक लोकेशन का फोटो सहित अक्षांश (Latitude) एवं देशांतर (Longitude) दर्ज किया जाएगा। विभाग के संज्ञान में आया है कि पूर्व में कई विद्यालयों की दर्ज लोकेशन वास्तविक स्थिति से अलग पाई गई है। इसी विसंगति को दूर करने के लिए जीआईएस आधारित लोकेशन कैप्चर की व्यवस्था की गई है।

 निर्देश में सभी विद्यालय प्रधानों को अपने मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर अथवा एप्पल ऐप स्टोर से संबंधित ऐप डाउनलोड करने को कहा गया है। ऐप में लॉगिन करने के लिए यू-डायस प्लस पोर्टल में उपयोग किए जाने वाले यूजर आईडी एवं पासवर्ड का ही इस्तेमाल करना होगा। इसके बाद विद्यालय परिसर की वास्तविक लोकेशन एवं आवश्यक तस्वीर लेकर निर्धारित विवरण अपलोड करना होगा। अपलोड किया गया डाटा संबंधित विद्यालय के यू-डायस प्लस पोर्टल पर उपलब्ध होगा।

विभाग ने विद्यालय प्रधानों को यूजर मैनुअल का अध्ययन कर पत्र निर्गत होने की तिथि से एक सप्ताह के अंदर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया है। वहीं, तकनीकी सहायता के लिए संबंधित प्रखंड के आईसीटी समन्वयक (Block ICT Coordinator) से संपर्क करने को कहा गया है।

इस पहल से विद्यालयों की वास्तविक भौगोलिक स्थिति का सही रिकॉर्ड तैयार होगा तथा भविष्य में शैक्षणिक योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के आवंटन और विभागीय निगरानी में सहूलियत मिलेगी।

बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article