501 कलशों के साथ शिवरामा में प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव, राजस्थान से मंगाई गई मूर्तियों की हुई स्थापना
डीएनबी भारत डेस्क
शिवाजीनगर प्रखंड के डुमरा मोहन पंचायत अंतर्गत शिवरामा गांव में श्री श्री 108 जय बजरंग बली की मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में शिवरामा, बैजुआ एवं मुसहरी गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया। कार्यक्रम के तहत शिवरामा गांव भगवती स्थान स्थित हनुमान मंदिर परिसर से 501 कलश व्रतियों द्वारा गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई।

शोभा यात्रा में देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। यह यात्रा गांव के भगवती स्थान से प्रारंभ होकर शिवाजीनगर, ठनका, बहादुरपुर, हबका, दूबेपुर, छपकी और नरसिंहा चौक सहित आसपास के विभिन्न गांवों के मंदिरों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधिवत रूप से कलश स्थापना कर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इस दौरान वीर बजरंगबली एवं भगवान गणेश की मूर्तियों को मंदिर में विधि-विधान से स्थापित किया गया।
प्राण प्रतिष्ठा के क्रम में फलाधिवास, जलाधिवास एवं पुष्पाधिवास जैसे धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर में स्थापित मूर्तियां राजस्थान से मंगाई गई हैं, जिन्हें पूरे विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को फूल-मालाओं एवं आकर्षक रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था। शोभा यात्रा के दौरान बैंड पार्टी और भजन-कीर्तन के साथ भक्तिमय गीत-संगीत की प्रस्तुति ने पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंग में रंग दिया।
वहीं, मंदिर परिसर में भव्य भजन-कीर्तन एवं धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी।

मौके पर कार्यक्रम को सफल बनाने में डुमरा मोहन पंचायत मुखिया पुत्र संतोष सिंह, संजीत कुमार सिंह, मुख्य यजमान कमलेश मंडल, राम नारायण मंडल, वीरेंद्र मंडल, अरुण कुमार मुखिया, तारकांत शर्मा, अरुण कुमार, रामकरण शाह, सुभाष मंडल, संजय कुमार सिंह, धीरेंद्र, संजय कुमार, रंजीत कुमार, राम अवतार मुखिया, दिलीप मंडल, बैद्यनाथ मंडल, राम प्रसाद सिंह, वीरेंद्र कुमार उर्फ बिरजू सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट