डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर फ्रेंड्स ऑफ आनंद, समस्तीपुर के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश महासचिव सह उपाध्यक्ष, जिला परिषद, ठाकुर उदय शंकर की अध्यक्षता में संपन्न हुई।बैठक में पूर्व सांसद आनंद मोहन को गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में दी गई सजा के संदर्भ में बिहार सरकार द्वारा प्रदान की गई समयपूर्व रिहाई को निरस्त करने संबंधी सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर गहरा असंतोष एवं चिंता व्यक्त की गई।

बैठक में इस निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इस पर पुनर्विचार किए जाने की मांग की गई।वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रचलित कानूनों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप उनके जेल में बिताए गए समय, आचरण तथा रचनात्मक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए रिहाई का निर्णय लिया था। जेल में उनके अनुशासित आचरण एवं साहित्यिक योगदान को भी नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।बताया गया कि आनंद मोहन जी ने कारावास के दौरान ‘कैद में बंद आजाद कलम’, ‘स्वाधीन अभिव्यक्ति’, ‘कैक्टस का फूल’ एवं ‘पर्वत पुरुष दशरथ मांझी’ जैसी पुस्तकों की रचना की।बैठक में यह भी कहा गया कि आनंद मोहन जी इस प्रकरण में साढ़े सोलह वर्षों से अधिक समय कारावास में बिता चुके हैं।
वक्ताओं ने एक महत्वपूर्ण संवैधानिक एवं विधिक प्रश्न उठाते हुए कहा कि आनंद मोहन को वर्ष 2007 में ही दोषी करार दिया गया था, जबकि माफी नहीं दिए जाने जैसे कानून 2012 में लागू किया गया। ऐसे में 2012 में किए गए संशोधित कानून को 2007 के दोषी पर किस प्रकार लागू किया जा सकता है? किसी भी दंडनीय मामले में दोषसिद्धि के समय प्रचलित कानून ही प्रभावी होना चाहिए।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस मामले में विधि विशेषज्ञों से परामर्श लेकर सर्वोच्च न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर की जाएगी। यदि पुनर्विचार याचिका स्वीकार नहीं होती है, तो नियमानुसार उपचार के अगले विकल्प के रूप में उपचारात्मक याचिका दायर करने की दिशा में भी पहल की जाएगी।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट