डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय): प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में शनिवार को ‘संस्कार दीप ‘ आत्मविश्वास एवं व्यवहार’ थीम पर मासिक अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, सकारात्मक व्यवहार एवं अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

संगोष्ठी में बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, सीखने के स्तर एवं नियमित विद्यालय उपस्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही अभिभावकों को घर पर बच्चों से पढ़ने, लिखने एवं गिनती का नियमित अभ्यास कराने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों में अनुशासन, सहयोग, दूसरों के प्रति सम्मान, अच्छी आदतों और व्यक्तिगत स्वच्छता विकसित करने पर भी चर्चा हुई इस दौरान ‘मेरा बच्चा, मेरी नजर में’ गतिविधि के तहत अभिभावकों ने पर्चियों पर अपने बच्चों का नाम लिखकर उनकी विशेषता, अच्छी आदत एवं ऐसी उपलब्धि का उल्लेख किया, जिस पर उन्हें गर्व है। इन पर्चियों को कक्षा की दीवार पर लगाए गए चार्ट पर चिपकाया गया। शिक्षकों ने कुछ पर्चियों को पढ़कर सुनाया और बच्चों को उनकी खूबियों के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं, ‘हमारा विद्यालय, हमारे बच्चे की संस्कारशाला’ गतिविधि के तहत अभिभावकों ने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने, घर पर पढ़ाई का अभ्यास कराने, किताब-कॉपियों का अवलोकन करने तथा प्रत्येक मासिक पीटीएम में भाग लेने का संकल्प लिया। शिक्षकों ने भी बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं शैक्षणिक प्रगति पर ध्यान देने, जरूरत के अनुसार अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग देने तथा विद्यालय में सुरक्षित, आनंददायक एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
अभिभावकों ने बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए विद्यालय में नियमित रूप से रचनात्मक एवं संवादात्मक गतिविधियां आयोजित करने तथा विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर संवाद बनाए रखने का सुझाव दिया।
मौके पर एचएम रईस, अशोक कुमार सिंह, विश्वनाथ, ऋषि, विश्वजीत, संदीप, नंद, शिक्षक अनिल, अजनीश कुमार, सुमन, जय प्रकाश, संगीता सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद थे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट