संस्कार दीप : आत्मविश्वास एवं व्यवहार’ थीम पर आज सरकारी विद्यालयों में होगी पीटीएम
डीएनबी भारत डेस्क

भगवानपुर(बेगूसराय):प्रखंड क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों में आज मासिक अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया जाएगा। इस बार संगोष्ठी की थीम ‘संस्कार दीप : आत्मविश्वास एवं व्यवहार’ रखी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक व्यवहार एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना है।
संगोष्ठी के दौरान अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को सकारात्मक व्यवहार अपनाने तथा बेहतर संस्कार विकसित करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों में अभिभावकों, विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों, बाल संसद, मीना मंच के सदस्यों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
पीटीएम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर अभिभावकों के साथ चर्चा की जाएगी। शिक्षकों द्वारा अभिभावकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया जाएगा।वहीं, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी के समापन के बाद निर्धारित गूगल फॉर्म में आवश्यक जानकारियों की प्रविष्टि करने का निर्देश दिया गया है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट