डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय): मिशन लाइफ के तहत सरकारी विद्यालयों में इको क्लब को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसको लेकर आगामी 14 जुलाई 2026 को बेगूसराय स्थित सर्व शिक्षा अभियान सभागार में जिला स्तरीय एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

राज्य परियोजना निदेशक, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद्, पटना के आदेश के आलोक में आयोजित इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी विद्यालयों का इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के तहत पंजीकरण सुनिश्चित करना तथा विद्यालय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों का प्रभावी संचालन कराना है।
प्रशिक्षण में चयनित शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में नामित किया गया है। ये मास्टर ट्रेनर अपने-अपने प्रखंडों में जाकर अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे तथा विद्यालयों में इको क्लब की गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट