डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय मेहदौली में गुरुवार को पुलिस सप्ताह के अवसर पर बच्चों के बीच पोस्टर-पेंटिंग, रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने किया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और नशा मुक्ति, बाल विवाह उन्मूलन तथा साइबर सुरक्षा जैसे सामाजिक विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।

इस अवसर पर प्रभारी थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक बुराइयों से अवगत कराना, सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर प्रेरित करना है।
उन्होंने पुलिस की भूमिका, अनुशासन और सकारात्मक नागरिक बनने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।कक्षा 5 से 8 की निबंध प्रतियोगिता में आसकी कुमारी प्रथम, नेहा कुमारी द्वितीय और ज्योति कुमारी तृतीय रहीं। कक्षा 9 से 12 में रिया ने प्रथम, सतेंद्र ने द्वितीय तथा प्रवीण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पेंटिंग में प्रिंस, रवि किशन और दीपा कुमारी, जबकि रंगोली में संजना और स्वाति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेताओं को प्रभारी थानाध्यक्ष सुमित कुमार, एसआई प्रिया कुमारी, अभिषेक रंजन एवं रितेश कुमार के द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट