डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर।बिहार मद्यनिषेध और उत्पाद अधिनियम के तहत वांछित चल रहे तीन नामजद आरोपियों को भगवानपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। शराब के अवैध कारोबार और कानून उल्लंघन के मामले में पुलिस को लंबे समय से इन आरोपियों की तलाश थी। गुप्त सूचना और त्वरित कार्रवाई के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों को दबोच लिया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए भगवानपुर थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि शराब मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस ने दामोदरपुर गांव में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दामोदरपुर निवासी नागेश सहनी के पुत्र करण कुमार, जितेंद्र सहनी के पुत्र राकेश कुमार तथा नारायण सहनी के पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में की गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों से थाने में आवश्यक पूछताछ की गई और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात उन्हें न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के शराब कारोबारियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए आगे भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट