डीएनबी भारत डेस्क
हिलसा अनुमंडल मुख्यालय के वीआईपी माने जाने वाले इलाके में चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्ती को चुनौती देते हुए राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व विधायक सह मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के आवास को निशाना बनाया। मंगलवार की रात चोरों ने घर का मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।बताया जाता है कि शक्ति सिंह यादव फिलहाल शादी के निमंत्रण में पटना गए हुए थे। उनका आवास बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर में प्रवेश किया। बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए। फिलहाल घर से चोरी गए सामानों का आकलन किया जा रहा है।
जिस इलाके में यह चोरी हुई है, उसके आसपास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी का सरकारी आवास, न्यायिक पदाधिकारियों के आवास सहित कई वरीय अधिकारियों के निवास हैं। ऐसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि घर पर कोई सदस्य नहीं रह रहा था। मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वॉड को बुलाया जा रहा है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी छानबीन कर रही है।
डीएनबी भारत डेस्क