डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच शहर के बीआरबी कॉलेज स्थित छठ घाट पर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। जिस पोखर के किनारे छठी मइया की आराधना की तैयारियां चल रही थीं, उसी पोखर में डूबने से 16 वर्षीय किशोर गोलू कुमार की मौत हो गई। बेटे को सकुशल वापस पाने की आस में मां की हर गुहार आखिरकार बेअसर रह गई।

जिस आंचल में उसने अपने बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया था, उसी आंचल को फैलाकर वह छठी मइया से अपने लाल की जिंदगी मांगती रही। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुईधारा मोहल्ला, वार्ड संख्या-40 निवासी रामू दास के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है।बताया जाता है कि गोलू बीआरबी कॉलेज स्थित छठ घाट के तालाब में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
परिजन भी बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। मां की नजरें लगातार तालाब की ओर टिकी थीं और मन में बस एक ही उम्मीद थी कि उसका बेटा किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तत्काल किशोर की तलाश शुरू की। बाद में गोताखोरों को भी बुलाया गया। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। मोटर बोट की मदद से तालाब में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद किशोर का शव तालाब से बाहर निकाला गया।
इसके बाद परिजन आनन-फानन में बाइक से ही गोलू को शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
घटनास्थल पर मौजूद सबसे मार्मिक दृश्य गोलू की मां का था। बेटे की सलामती के लिए वह बार-बार छठी मइया का बार-बार नाम लेकर आंचल फैलाकर गुहार लगा रही थी। वह कहती रही कि उसका बेटा सकुशल मिल जाए तो वह भीख मांगकर सूप चढ़ाएगी। बिलखते मां की इस करुण पुकार को सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। हर कोई उसकी बेबसी देखकर भावुक था। लेकिन जब गोताखोरों ने गोलू का शव बाहर निकाला तो मां अपने कलेजे के टुकड़े को इस हालत में देखकर बेहोश हो गई। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट