डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के झमटिया गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नेचिंग और चोरी की घटना को अंजाम दे रही दो महिलाओं और एक युवती को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़कर बछवाड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों से आवश्यक पूछताछ करने के बाद शुक्रवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में बेगूसराय भेज दिया।

इस संबंध में बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकाश कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र निवासी लोहा राम की 20 वर्षीय पुत्री शालू कुमारी, ओम कुमार की 25 वर्षीय पत्नी उषा देवी तथा मोहन कुमार की 25 वर्षीय पत्नी रेखा कुमारी के रूप में की गई है।
उन्होंने बताया कि गंगा स्नान के दौरान भीड़भाड़ का लाभ उठाकर ये महिलाएं श्रद्धालुओं के गले से चेन व कीमती सामान उड़ाने की फिराक में थीं, तभी सतर्क स्थानीय लोगों ने इन्हें दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट