डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय जिले के भगवानपुर में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ शुरू हो गया। छठ पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल है। छठव्रती महिलाओं ने गंगा स्नान कर अरवा चावल का भात, चना दाल और कद्दू की सब्जी ग्रहण कर महापर्व के अनुष्ठान की शुरुआत की।छठ पर्व को लेकर कई छठव्रती दीपावली के दूसरे दिन से ही गंगा स्नान करने में जुटी थीं।

वहीं, शेष छठव्रतियों ने शुक्रवार की सुबह तेघड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान किया। नहाय-खाय के साथ ही घरों में छठ पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को व्रतियों ने गेहूं को धोकर सुखाया, जिसका उपयोग आगे के अनुष्ठान में किया जाएगा।इधर, छठ पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र के अतरुआ, बनवारीपुर, भगवानपुर, सूर्यपुरा, हरिचक और संजात सहित विभिन्न बाजारों में फल एवं पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी है। वहीं, प्रदेश में रह रहे परदेसी स्वजन भी अपने घर लौट आए हैं, ताकि परिवार के साथ छठ महापर्व मना सकें।पर्व को लेकर विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई, सजावट और रोशनी की व्यवस्था में स्थानीय युवा एवं ग्रामीण जुट गए हैं।
ग्रामीण अपने स्तर से श्रमदान कर घाटों की सफाई कर रहे हैं। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक सरकारी स्तर पर छठ घाटों की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कोई विशेष पहल नहीं की गई है।चार दिवसीय छठ महापर्व के तहत शुक्रवार को नहाय-खाय, शनिवार को खरना, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य तथा सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। सोमवार को सुबह का अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट