डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय खाय से शुरु हो गया। छठव्रति महिलाओं ने विधि-विधान व निष्ठा भाव से यहां पर्व की शुरूआत की। पर्व के पहले दिन नहाय-खाय को लेकर पवित्र स्नान के लिए अहले सुबह से ही बछवाड़ा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध झमटिया गंगा घाट पहुंचे, जिस कारण झमटिया गंगा घाट पर लोगों का जनसैलाव देखने को मिला।

भीड़ के कारण झमटिया घाट जाने वाली सड़क समेत आस पास के जितने भी सड़क थे श्रद्धालुओ से खाचा खच भरा रहा। छठ महापर्व को लेकर गंगा घाट समेत इलाके में कांच ही ‘बांस के बहंगिया’ और ‘केलवा के पात पर उगेलन सुरुज देव’ जैसे पारंपरिक लोकगीतों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। झमटिया घाट पर अहले सुबह से समस्तीपुर, दरभंगा समेत आस पास से आए हजारों की संख्या में छठव्रति महिलाएं अपने परिवार के साथ गंगा स्नान किया। गंगा स्नान के उपरांत गंगा घाट स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर गंगा जल लेकर अपने अपने गंतव्य स्थान के लिए वापस लौट गये।
मान्यता है कि नहाय-खाय के दिन पवित्र गंगा जल में स्नान करने से तन और मन दोनों की शुद्धि होती है, जिसके बाद व्रती चार दिनों के कठिन निर्जला और सात्विक अनुष्ठान का संकल्प लेते हैं घाट पर आस्था का ऐसा सैलाब दिखा कि सुबह से लेकर दोपहर बाद तक गंगा में डुबकी लगाने वालों श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। स्नान के उपरांत व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि व आरोग्य की कामना की। छठव्रति महिलाएं संध्या राय,पिकीं देवी,सुलोचना कुमारी, अर्चना कुमारी, प्रियंका कुमारी,बेबी कुमारी,पूजा कुमारी समेत अन्य छठव्रतियों ने बताया कि नहाय खाय के साथ ही छठ महापर्व प्रारंभ हो जाता है, इस अवसर पर हमलोग अरवा चावल,चना का दाल एवं कद्दू का सब्जी बना कर ग्रहण करते हैं व प्रसाद के रूप में परिजनों को भी प्रसाद ग्रहण कराते हैं।
वही खरना की तैयारी को लेकर इलाके के छठ वर्तियो ने गेहूं की साफ़ सफाई करते हुए उसे ओखली व मुशल से कुटने के बाद धुप में सूखाया। दिन भर छठ वर्ती महिलाओ की टोली छठ मैया के गीत गा कर गेहूं सुखाते नजर आयी। गेहूं सुखाते समय ध्यान रखा जाता है कि कोई भी पशु पक्षी गेहूं को जुठन ना कर दे। इसके लिए जब तक गेहूं नही सुखता है तब तक लोग गेहूं के पास बैठे रहते है। झमटिया गंगा घाट के एनएच-28 के करीब होने के कारण श्रद्धालुओं की इस भारी भीड़ का सीधा असर यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिला। एनएच 28 पर श्रद्धालुओं के पैदल जत्थों तथा छोटे-बड़े वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण सुबह से ही जाम जैसी स्थिति बनी रही. आलम यह था कि एनएच-28 पर कई किलोमीटर तक गाड़ियां रेंगते हुए नजर आईं।
हालांकि, स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल के जवान यातायात को सुचारू रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार मुस्तैद दिखे, फिर भी आस्था के आगे सड़क की रफ्तार दिन भर धीमी रही।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट