डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर शहर के मोहनपुर रोड में मंगलवार को भोजपुरी फिल्म अभिनेता खेसारी लाल यादव के पहुंचने की सूचना पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अभिनेता की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर जुट गए। इसके कारण समस्तीपुर-मुसरीघरारी मुख्य सड़क पर करीब तीन घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति ऐसी हो गई कि जाम छुड़ाने के लिए मुफस्सिल पुलिस को पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। अतिरिक्त पुलिसकर्मियों के पहुंचने और काफी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका।

बताया गया कि खेसारी लाल यादव शहर के मोहनपुर रोड में एक बाइक शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उनके आने की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते सड़क पर भीड़ जमा हो गई। लोगों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। इस दौरान मुफस्सिल थानाध्यक्ष, इंस्पेक्टर समेत पुलिसकर्मी सड़क पर उतरकर भीड़ को नियंत्रित करने और वाहनों को निकालने की कोशिश करते रहे। पुलिसकर्मियों को लोगों को समझाने और सड़क खाली कराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
भीड़ की स्थिति को देखते हुए खेसारी लाल यादव कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद पीछे के रास्ते से पटना के लिए रवाना हो गए। हालांकि, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। कई लोगों को लग रहा था कि अभिनेता अभी भी कार्यक्रम स्थल के अंदर मौजूद हैं। इस कारण बार-बार अनाउंसमेंट किए जाने के बावजूद लोग वहां से हटने को तैयार नहीं थे। लोग उनकी एक झलक पाने की उम्मीद में कार्यक्रम स्थल के आसपास जमे रहे। इस दौरान अभिनेता ने मीडिया से भी दूरी बनाए रखी और कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सीधे पटना के लिए रवाना हो गए।
अभिनेता के कार्यक्रम के कारण लगे जाम का असर आम लोगों के साथ आपातकालीन सेवाओं पर भी पड़ा। सड़क पर कई एंबुलेंस के अलावा सरकारी और निजी वाहन फंसे रहे। एंबुलेंस को रास्ता देने में भी परेशानी हुई। वाहन चालकों और यात्रियों को जाम से निकलने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। बाद में मुफस्सिल पुलिस ने मोर्चा संभाला और अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से भीड़ को हटाकर वाहनों का परिचालन शुरू कराया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट