डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय): थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा पुल के पश्चिम मंगलवार को बूढ़ी गंडक नदी में एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, युवक जींस पैंट और शर्ट पहने हुए था। उसके दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में ‘H.K.S’ और हिंदी में ‘चानो देवी’ का गोदना बना हुआ है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं अन्यत्र हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नदी में फेंक दिया गया हो। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट