डीएनबी भारत डेस्क
भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी की 175 रनों की तूफानी पारी की बदौलत भारत ने शानदार जीत दर्ज की और वर्ल्ड कप अपने नाम किया।इसी कड़ी में बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ की ओर से आज वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक जीत को लेकर जोरदार जश्न मनाया गया।

बेगूसराय के गांधी स्टेडियम में जिला क्रिकेट संघ से जुड़े खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।इस मौके पर बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिन मृत्युंजय कुमार वीरेश ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की धुआंधार बल्लेबाजी ने पूरे देश को दीवाना बना दिया है। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ 175 रन बनाकर वैभव ने इतिहास रच दिया और भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप चैंपियन बना दिया।उन्होंने आगे कहा कि इतनी कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी की यह उपलब्धि देश के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा है।
उनकी बल्लेबाजी से क्रिकेट प्रेमियों में एक नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि वैभव सूर्यवंशी बेगूसराय से सटे समस्तीपुर जिले के रहने वाले हैं और बेगूसराय में भी उन्होंने क्रिकेट खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया है।फिलहाल भारत की इस ऐतिहासिक जीत और वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्डतोड़ पारी को लेकर बेगूसराय समेत पूरे इलाके में जश्न का माहौल बना हुआ है।
डीएनबी भारत डेस्क