डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय) भीषण गर्मी के कारण स्थगित हुई अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी अब 4 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (एसएसए) को पत्र जारी कर प्रत्येक विद्यालय में संगोष्ठी का सफल आयोजन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।

विभागीय पत्र के अनुसार, पहले यह संगोष्ठी 27 जून को “स्वागत सप्ताह ” के दौरान आयोजित होनी थी, लेकिन कई जिलों में गर्मी के कारण अवकाश घोषित होने से कार्यक्रम नहीं हो सका। अब इसे 4 जुलाई को आयोजित किया जाएगा।
संगोष्ठी की थीम “ड्रॉप आउट, सरकारी योजनाएं एवं विद्यालय की मौलिक सुविधाएं” रखी गई है। इसके माध्यम से विद्यालय से बाहर बच्चों का नामांकन बढ़ाने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अभिभावकों को सरकारी योजनाओं एवं विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी देने पर विशेष जोर रहेगा।
शिक्षा विभाग ने निर्देश दिया है कि अधिक से अधिक अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। संगोष्ठी में बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, स्वास्थ्य एवं पोषण, नियमित विद्यालय आने की आवश्यकता तथा घर पर पढ़ाई के अनुकूल वातावरण बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रत्येक विद्यालय को राज्य स्तर पर उपलब्ध कराए गए गूगल फॉर्म के माध्यम से कार्यक्रम की रिपोर्ट भी उपलब्ध करानी होगी।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट