बेगूसराय से शिक्षा विभाग ने जारी किया निर्देश, उत्कृष्ट उपलब्धि वाले बच्चों के नामांकन पर जोर
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय) : प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबीपी) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान), बेगूसराय ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों तथा विद्यालय प्रधानों को आवश्यक निर्देश जारी किया है।

जारी पत्र के अनुसार महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए 18 वर्ष से कम आयु के ऐसे बच्चों का चयन किया जाएगा, जिन्होंने बहादुरी, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं।
विभागीय पत्र में कहा गया है कि मंत्रालय द्वारा नामांकन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक एवं पात्र बच्चों के आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर 31 जुलाई 2026 तक जमा किए जा सकते हैं। विद्यालयों एवं संबंधित अधिकारियों को ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
पत्र में विशेष रूप से बालिकाओं, कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति समुदायों तथा दिव्यांग बच्चों की प्रतिभाओं को सामने लाने पर बल दिया गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और विद्यालय प्रधानों से समय सीमा के भीतर योग्य बच्चों का ऑनलाइन आवेदन कराने तथा अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट