डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी के नाम पर घर से निकले युवक का शव घर से 50 किलोमीटर दूर बेगूसराय के लाखो थाना क्षेत्र के शाहपुर टाल प्लाजा के समीप कार की पिछली सीट से पुलिस ने बरामद किया है। मृतक युवक की पहचान खगड़िया जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित संसारपुर पूर्वी हरदासचक निवासी मनोज कुमार सिंहा के 29 वर्षीय इकलौते पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ राजा के रूप में हुई है।

राजा खगड़िया में ही जिओ कंपनी में अपनी कार चलाता था। शनिवार को वह काम पर नहीं गया था और घर से दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर निकला था। वही पुलिस ने मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का बेसरा सुरक्षित रखवाया है।वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। इस घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि रात नौ बजे तक राजा से बात हुई थी, उसके बाद मोबाइल बंद हो गया। सुबह राजा के मोबाइल से ही उसके एक दोस्त ने उसकी तबीयत खराब होने और इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने की बात कहते हुए परिजनों को बेगूसराय बुलाया था।
बेगूसराय पहुंचे परिजनों ने लाखों थाना क्षेत्र के शाहरपुर टाल प्लाजा के समीप कार की पिछली सीट पर राजा को देख कर भौंचक रह गए। परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार उसके सभी दोस्त गांव के ही हैं और दोस्तों में एक शराब कारोबार व अपराध से जुड़ा है।आशंका जताई जा रही है कि दोस्तों के साथ शराब व ड्रगस पार्टी के दौरान ओवरडोज के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई।मृतक के पिता मनोज कुमार सिन्हा ने भी उसके दोस्तों पर शव को कार में छोड़ कर फरार होेने की आशंका जताई है।
वहीं नगर थाना पुलिस ने मृतक के पिता का फर्द बयान अंकित किया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजनों में कोहराम मचा है। पत्नी समेत एक पुत्र व एक पुत्री का रो-राे कर बुरा हाल है। नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी अंकित कर जांच पड़ताल की जा रही है।
डीएनबी भारत डेस्क