तेयाय ओपी पुलिस ने गुप्त सूचना पर संजीत राय उर्फ गोरेलाल के घर के पीछे की छापेमारी
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय): तेयाय ओपी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार भी किया है।

इस संबंध में तेयाय ओपी अध्यक्ष पल्लवी कुमारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महेशपुर गांव में अवैध रूप से विदेशी शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस बल के साथ गांव निवासी रामेश्वर राय के पुत्र संजीत राय उर्फ गोरेलाल के घर पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान घर के पीछे से रॉयल स्टैग कंपनी की विदेशी शराब के 15 कार्टून बरामद किए गए। बरामद शराब में 750 एमएल की कुल 207 बोतलें शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, शराब की कुल मात्रा 155.250 लीटर है। मौके से संजीत राय उर्फ गोरेलाल को गिरफ्तार कर लिया गया।
ओपी अध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध संबंधित कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे व्यवहार न्यायालय, बेगूसराय भेज दिया गया है। पुलिस अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट