डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-28 स्थित रानी दो पंचायत के झमटिया कोल्ड स्टोरेज और मोहनिया ढाला के बीच रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। दोनों को एक अज्ञात बस ने रौंद दिया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-28 को जाम कर एनएचएआई, स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

मृतकों की पहचान समस्तीपुर जिले के वैनी थाना अंतर्गत दिगंबरा गांव निवासी कुंदन कुमार सिंह के 23 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार और गोपाल सिंह के 26 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार के रूप में हुई है। रिश्ते में दोनों चाचा-भतीजा थे। प्रत्यक्षदर्शी दिलीप पासवान,मनोज कुमार ने बताया कि दोनों युवक बाइक से तेघड़ा की ओर से समस्तीपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-28 पर बने एक गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस दोनों को रौंदते हुए निकल गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर बछवाड़ा थाने की पुलिस दलबल के साथ पहुंची और शवों को कब्जे में लेने का प्रयास किया। लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस का विरोध करते हुए परिजनों के आने तक शव उठाने से मना कर दिया और एनएच जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि प्रखंड क्षेत्र में टोल प्लाजा होने और वाहनों से टैक्स वसूले जाने के बावजूद एनएच-28 की हालत जर्जर है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन एनएचएआई और जिला प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं।घटना की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को अंशु के नाना का देहांत हो गया था।

दोनों युवक शनिवार को पटना जिले के बाढ़ क्षेत्र स्थित करजान गांव में दाह-संस्कार में शामिल होने गए थे। रविवार को घर वापसी के दौरान यह दुखद हादसा हुआ। परिजनों के अनुसार मृतक अंशु कुमार मोतिहारी में एक बर्गर-पिज़्ज़ा की दुकान पर काम करता था। जबकि गुलशन कुमार बीए फाइनल ईयर का छात्र था। घटनास्थल पर पहुंचे अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम और थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सड़क मरम्मत के लिए पहले भी पत्राचार किया जा चुका है और एनएच की बदहाल स्थिति से वरीय अधिकारियों व एनएचएआई को पुन: अवगत कराया जाएगा। साथ ही अज्ञात बस की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन दिया गया। करीब तीन घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम हटाकर यातायात प्रारंभ कराया। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट