डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पर्रा गांव के समीप बेगूसराय-संजात मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक ऑटो (टेम्पो) और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें एक महिला की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, वीरपुर की दिशा से आ रही ई-रिक्शा और बेगूसराय की ओर से जा रहे एक अनियंत्रित ऑटो में सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पर सवार एक महिला का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया। हादसे के बाद घायल महिला ने किसी तरह फोन कर अपने पति को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में महिला को कटे हुए हाथ के साथ बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान वीरपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या-6 निवासी मुकेश शर्मा की पत्नी के रूप में की गई है।
इधर, दुर्घटना की खबर मिलते ही वीरपुर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अन्य सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए वीरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट
