डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। विजयादशमी की रात मेला देखकर घर लौट रहे एक दंपती पर 10 से 15 युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि पहले महिला के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और विरोध करने पर पति-पत्नी को लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

अब इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित दंपती ने एसपी मनीष से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। यह तस्वीर बेगूसराय की हैं, जहां विजयादशमी की रात मेला देखकर घर लौट रहे एक दंपती के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में कई युवक दंपती को घेरकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान पति-पत्नी को बेरहमी से पीटा गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के विष्णुपुर स्थित बीएम हॉस्पिटल के पास की है।बताया जा रहा है कि विजयादशमी की रात करीब दो बजे दंपती मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक निजी अस्पताल के पास 10 से 15 युवक खड़े थे। आरोप है कि युवकों ने पहले महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो युवकों ने उसके पति के साथ भी मारपीट शुरू कर दी।आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से दोनों की जमकर पिटाई की। घटना में गंभीर रूप से घायल दंपती को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद दोनों घर लौट गए।
इधर, घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित पक्ष ने नगर थाना में दो नामजद
आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पीड़ित दंपती का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक पुलिस की कार्रवाई के संबंध में उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं मिली है।इसी को लेकर पीड़ित दंपती ने बेगूसराय के एसपी मनीष से मुलाकात की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की। बताया जा रहा है कि एसपी ने पीड़ितों को जल्द कार्रवाई करने और मामले का उद्भेदन करने का आश्वासन दिया है।
वहीं, इस पूरे मामले पर सदर डीएसपी-1 प्रशांत कुमार ने बताया कि विजयादशमी की रात मेला देखकर घर लौट रहे दंपती पर कुछ लोगों ने हमला किया था। इस घटना में पति-पत्नी घायल हुए हैं। नगर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।फिलहाल, इस घटना ने रात में घर लौटने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कब तक आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करती है।
डीएनबी भारत डेस्क
