डीएनबी भारत डेस्क
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा में बुधवार को हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड के सीएसआर के तहत ‘सेहत साथी’ परियोजना के अंतर्गत एक अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एचयूआरएल सीएसआर के उपाध्यक्ष नितिन सक्सेना, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राज कमल एवं डॉ. आलोक कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया।

उद्घाटन के बाद उपस्थित स्वास्थ्य कर्मी को संबोधित करते हुए नितिन सक्सेना ने बताया कि यह अल्ट्रासाउंड मशीन एचयूआरएल के सीएसआर फंड से स्थापित की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को बच्चे की शारीरिक स्थिति की सटीक और निःशुल्क जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेहत साथी’ परियोजना का प्रमुख लक्ष्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना और जच्चा-बच्चा मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाना है। गर्भकाल के दौरान समय रहते किसी भी जटिलता या पोषण की कमी का पता चलने से चिकित्सकों को प्रसूता का समय पर उचित इलाज करने में मदद मिलेगी।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन सप्ताह में दो दिन नियमित रूप से और आवश्यकता पड़ने पर सी-सेक्शन से ठीक पहले आपातकालीन स्थिति में किया जाएगा। इस सुविधा के शुरू होने से अब स्थानीय ग्रामीण महिलाओं को जांच के लिए निजी केंद्रों पर भारी भरकम राशि खर्च नहीं करनी पड़ेगी। समारोह में एचयूआरएल के चीफ मैनेजर विक्रांत सिंह, मनीष सिंह, प्रोग्राम मैनेजर राजेश बहेरा, बरौनी प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर संजीव कुमार और गोरखपुर प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर शिव पूजन वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा काउंसलर गुलशन कुमार, जीएनएम सुहानी, खुशबू, प्रतिभा, एएनएम आरती कुमारी, फार्मासिस्ट परिमल कुमार पंकज, सिक्योरिटी सुपरवाइजर राम कुमार चौधरी समेत अस्पताल के कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट
