डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और शिक्षक विधान परिषद् निर्वाचन का मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। अनुमंडल निर्वाची पदाधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि स्नातक में 53.29 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल मतदाताओ की संख्या 1244 में 663 मतदाताओ ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वही शिक्षक विधान परिषद् में 94.20 प्रतिशत मतदान हुआ।

कुल मतदाताओ की संख्या 69 में 65 मतदाताओ ने अपने मतों का प्रयोग किया । सुबह से ही मतदाताओं में अपने मताधिकार का प्रयोग करने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। शांतिपूर्ण और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रखंड कार्यालय परिसर में दो अलग-अलग मतदान केंद्र बनाये गए थे। इनमें से एक मतदान केंद्र स्नातक निर्वाचन के मतदाताओं के लिए तथा दूसरा मतदान केंद्र शिक्षक विधान परिषद् के मतदाताओं के लिए निर्धारित किया गया था। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, प्रखंड क्षेत्र में स्नातक निर्वाचन के कुल 1244 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत कुल 69 मतदाता शामिल थे ।
सुबह आठ बजे मतदान शुरू होते ही दोनों बूथों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। शिक्षक और बुद्धिजीवी वर्ग के मतदाताओं ने कतारबद्ध होकर शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन द्वारा पहचान पत्र की गहन जांच के बाद ही मतदाताओं को बूथ के अंदर जाने की अनुमति दी जा रही थी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से मतदान परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। दोपहर बाद तक मतदान की गति सामान्य बनी रही और शाम तक दोनों केंद्रों पर मतदाताओं ने शांतिपूर्वक मतदान प्रक्रिया पूरी की। संबंधित निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराते हुए मतदान संपन्न हुआ।
डीएनबी भारत डेस्क
