बेगूसराय में 158 विद्यालयों द्वारा मध्याह्न भोजन योजना से संबंधित आंकड़ों की प्रविष्टि नहीं करने पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने जताई नाराजगी
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय)जिले में मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) के संचालन से संबंधित आंकड़ों की ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर प्रविष्टि नहीं करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने संबंधित 158 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन योजना, बेगूसराय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को ई-शिक्षाकोष पोर्टल की समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई विद्यालयों द्वारा मध्याह्न भोजन योजना से संबंधित डेटा की प्रविष्टि नहीं की गई है। जबकि प्रखंड साधन सेवी एवं संबंधित कर्मियों के माध्यम से विद्यालयों को लगातार इस संबंध में निर्देश दिया जाता रहा है।
पत्र में कहा गया है कि विभागीय निर्देश के अनुसार विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना से लाभान्वित बच्चों की संख्या सहित आवश्यक आंकड़ों की प्रविष्टि ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर निर्धारित समय के भीतर करना अनिवार्य है। इसके बावजूद संबंधित विद्यालयों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है, जो विभागीय आदेशों की अवहेलना है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर अपना स्पष्टीकरण संबंधित प्रखंड साधन सेवी एवं प्रखंड मध्याह्न भोजन योजना कार्यालय के माध्यम से उपलब्ध कराएं। साथ ही, जिन विद्यालयों में डेटा प्रविष्टि लंबित है, वहां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया जाता है, तो संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध विभागीय नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है। इस निर्देश के बाद विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना से संबंधित ऑनलाइन आंकड़ों की प्रविष्टि को लेकर सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट
