शिक्षक निर्वाचन में 91.96 प्रतिशत,जबकि स्नातक निर्वाचन में 62.72 प्रतिशत मतदाताओं ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय जिले के भगवानपुर प्रखंड में शुक्रवार को दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर शुक्रवार को भगवानपुर प्रखंड कार्यालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतदान को लेकर सुबह से ही प्रखंड कार्यालय परिसर में गहमागहमी बनी रही।

दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल तीन मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें शिक्षक निर्वाचन के लिए एक तथा स्नातक निर्वाचन के लिए दो मतदान केंद्र शामिल थे।शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 112 मतदाताओं में से 103 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार शिक्षक निर्वाचन में 91.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1620 मतदाताओं में से 1016 मतदाताओं ने मतदान किया, जो कुल मतदाताओं का 62.72 प्रतिशत है।
स्नातक निर्वाचन के बूथ संख्या 85क पर कुल 720 मतदाताओं में से 452 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें 323 पुरुष और 129 महिला मतदाता शामिल थे। वहीं, बूथ संख्या 85 पर कुल 900 मतदाताओं में से 564 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 417 पुरुष और 147 महिला मतदाता शामिल थीं।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी मतदान जारी रहा। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे दिन प्रखंड कार्यालय परिसर में मतदाताओं की आवाजाही और चुनावी गतिविधियों को लेकर चहल-पहल बनी रही।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट
