डीएनबी भारत डेस्क
तेघड़ा प्रखंड अंतर्गत विभिन्न प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) के लिए आयोजित निर्वाचन 2026 बुधवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। मतदान के दौरान मतदाताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी भागीदारी रही। पुरुषों के साथ-साथ महिला मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

निर्वाचन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई थी। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में मतदान कर्मियों एवं सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर के पदाधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे तथा मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी बनाए रखी। इसके फलस्वरूप सभी मतदान केंद्रों पर मतदान कार्य शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ तथा कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
अंतिम मतदान प्रतिशत के अनुसार पकठोल प्राथमिक कृषि साख समिति लिमिटेड में कुल 1197 मतदाताओं में से 765 मतदाताओं ने मतदान किया, जिससे मतदान प्रतिशत 63.91 रहा। पिपरा दोदराज प्राथमिक कृषि साख समिति लिमिटेड में कुल 1258 मतदाताओं में से 709 मतदाताओं ने मतदान किया तथा मतदान प्रतिशत 56.36 दर्ज किया गया। रातगांव प्राथमिक कृषि साख समिति लिमिटेड में कुल 1597 मतदाताओं में से 874 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे मतदान प्रतिशत 54.73 रहा। वहीं बरौनी-02 प्राथमिक कृषि साख समिति लिमिटेड में कुल 2794 मतदाताओं में से 1100 मतदाताओं ने मतदान किया तथा मतदान प्रतिशत 39.37 दर्ज किया गया।
मतदान समाप्ति के उपरांत सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियां एवं निर्वाचन सामग्री निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्राप्त की गई। अभ्यर्थियों एवं उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्वाचन सामग्री का सत्यापन किया गया तथा मतगणना की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई। मतगणना कार्य प्रशासनिक पदाधिकारियों की निगरानी में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से जारी है।
प्रखंड प्रशासन ने निर्वाचन कार्य में लगे सभी मतदान कर्मियों, सेक्टर पदाधिकारियों, पुलिस बलों, अभ्यर्थियों एवं मतदाताओं के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई है तथा मतगणना का कार्य जारी है। मतगणना पूर्ण होने के उपरांत परिणामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
डीएनबी भारत डेस्क