डीएनबी भारत डेस्क
इस वक़्त की बड़ी खबर समस्तीपुर से आ रही है जहाँ लगातार अपराधियों का तांडव जारी है। अपराधी इतने बेखौफ हो गये हैं कि एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा लगता है कि इनके अंदर पुलिस का डर मानो खत्म से हो गया है।
ताज़ा मामला रोसड़ा से सामने आया है जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप में घुसकर करीब 20 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गये। घटना समस्तीपुर के रोसड़ा-हथौड़ी कोठी पथ स्थित एरौत चौक की है। जहां बाइक पर सवार दो युवक सुमन ज्वेलर्स में पहुंचे। एक तो बाइक पर ही बैठा रहा और दूसरा दुकान के अंदर घुसा और बच्चे का लॉकेट दिखाने को कहा।
दुकानदार सोने का लॉकेट दिखाने लगा। तभी वह लॉकेट का बॉक्स लेकर भागने लगा। जब दुकानदार ने बदमाश को पकड़ने की कोशिश की तो उसने हथियार निकाल लिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह जेवरात से भरा बाक्स लेकर दुकान के बाहर खड़ी बाइक पर सवार हो गया और अपने साथी के साथ रोसड़ा की ओर फरार हो गया। घटना के बाद दुकान संचालक ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
पीड़ित दुकानदार की पहचान रोसड़ा के कठरबन्नी मोहल्ला निवासी रामनारायण ठाकुर के रूप में हुई है। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है।रामनारायण ठाकुर के मुताबिक, टिफिन में सोने के झाला के दो जोड़े, हनुमानी के चार पीस, जिउतिया के चार पीस, मंगलसूत्र के तीन पीस और ढोलना के दो पीस रखे हुए थे। बदमाश इन सभी जेवरात को लेकर फरार हो गए।
कुल करीब 20 ग्राम सोने के जेवरात लूटे जाने की बात सामने आई है, जिनकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई गई है।
दोनों अपराधियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी को खंगालने में जुटी है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट