डीएनबी भारत डेस्क
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार की कॉमन रिव्यू मिशन (सीआरएम) की केंद्रीय टीम ने रविवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और विभागों में जाकर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी।

टीम ने इलाज, साफ-सफाई, दवा वितरण, जांच और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति को समझने का प्रयास किया।
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि केंद्रीय टीम ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। टीम को अस्पताल में उपलब्ध सेवाओं और व्यवस्थाओं और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया। निरीक्षण का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का आकलन करना और कमियों को दूर कर मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

यह केंद्रीय टीम 28 नवंबर तक नालंदा में रहकर स्वास्थ्य विभाग की जमीनी हकीकत को परखने का काम करेगी।यह टीम जिले के अनुमंडल स्तर तक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेगी।
डीएनबी भारत डेस्क