डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नगर थाना क्षेत्र के हरतालिक चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों से भरी एक निजी स्कूल की बस अचानक बिजली के पोल से जा टकराई। बस में करीब 60 से 70 बच्चे सवार थे।

टक्कर के बाद बिजली के पोल में करंट प्रवाहित होने की आशंका से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बस से नीचे उतार लिया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, पूरा मामला बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र के हरतालिक चौक का है।
बताया जा रहा है कि आज एक निजी स्कूल की बस करीब 60 से 70 बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान चौक पर जाम की स्थिति बनी हुई थी। तभी बस अचानक सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से सट गया। बिजली के पोल में सटे ही ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस के बिजली के पोल से सटने के कारण करंट का खतरा पैदा हो गया।इसके बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए मोर्चा संभाला और बस में सवार सभी बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित नीचे उतारना शुरू किया।
वहीं, तत्काल बिजली विभाग को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने तत्परता दिखाते हुए बिजली की आपूर्ति बंद कर दी।स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह घटना स्कूली बस चालक की लापरवाही के कारण हुई। लोगों ने बताया कि बस में 60 से 70 बच्चे सवार थे, लेकिन बस में गेट पर कोई उपचालक भी मौजूद नहीं था। ऐसे में अगर स्थानीय लोग समय रहते बच्चों को बस से बाहर नहीं निकालते और बिजली विभाग को सूचना नहीं देते तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।
हालांकि, स्थानीय लोगों की सूझबूझ और बिजली विभाग की तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बाद में बस को बिजली के पोल से हटाया गया और बच्चों को दोबारा बस में बैठाकर रवाना कर दिया गया।फिलहाल इस घटना के बाद स्कूली बसों की सुरक्षा और चालकों की लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
डीएनबी भारत डेस्क