अन्नप्राशन संस्कार एवं गोद भराई में सहभागिता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहनों के सेवा भाव को किया सम्मानित
डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर:जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की श्रृंखला के अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर आत्मीयता, सेवा और संस्कार को समर्पित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केंद्र संख्या 174, 154, 157, 322, 296 एवं 10 में संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय माताओं, बहनों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए समाज में सेवा, संवेदना और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर केंद्रों पर परंपरागत रीति-रिवाज के साथ अन्नप्राशन संस्कार एवं गर्भवती महिलाओं का गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में आंगनबाड़ी सेविका अनीता कुमारी, समता कुमारी, पूनम कुमारी व राधा देवी तथा सहायिका नीतू कुमारी, रिंकू कुमारी, रीता देवी एवं सुनैना कुमारी की प्रमुख भूमिका रही। उपस्थित अतिथियों व गणमान्य लोगों ने नन्हें बच्चों के स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, समाज के स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बनाने में दिन-रात जुटीं आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के समर्पण व सेवा भाव की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट