भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी रसीदपुर शाखा का 22 वाँ सम्मेलन संपन्न, जगन्नाथ पासवान बने शाखा मंत्री तो सहायक शाखा मंत्री बने सुमित चौधरी, राजेश कुमार
डीएनबी भारत डेस्क

भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी रसीदपुर का 22वाँ शाखा सम्मेलन कॉ. महेश्वर प्र० चौधरी नगर रसीदपुर में संपन्न हुआ। सर्वप्रथम कॉ केदारनाथ चौधरी ने झंडोत्तोलन किया तत्पश्चात दिवंगत कॉ. महेश्वर प्र० चौधरी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता कॉ केदारनाथ चौधरी ने किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के बछवाड़ा अंचल मंत्री कॉ भूषण सिंह ने लाल झंडा के इतिहास पर प्रकाश डाला और पार्टी के लंबे संघर्ष को कार्यकर्ताओं को विस्तार पूर्वक बताया। वहीं सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन करते हुए भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के जिला मंत्री सह पूर्व विधायक कॉ अवधेश कुमार राय ने कहा कि हमारा इतिहास संघर्ष और शहादत का इतिहास रहा है। गरीबों-दलितों को उचित सम्मान दिलाने एवं उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए बेगूसराय जिले के 125 से अधिक क्रांतिकारी साथियों ने अपनी शहादत दी।
आज उस इतिहास को तोड़ा-मरोड़ा जा रहा है वर्तमान समय में केंद्र और राज्य की सरकार सभी सार्वजनिक संस्थाओं का निजीकरण कर रही है इसके खिलाफ हमें मजबूती से संघर्ष करने की जरूरत है। बिहार में कुछ महीनों में विधानसभा का चुनाव होने जा रहा है हमारे पास यह अवसर है कि इस निकम्मी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकें, इसीलिए आज के इस शाखा सम्मेलन से आप सभी साथी यह संकल्प लीजिए कि हम अपनी स्वर्णिम विरासत को पुनः हासिल करेंगे और इस बार के विधानसभा चुनाव में बछवाड़ा से भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के नेतृत्व में महागठबंधन को जिताएंगे।
वहीं सम्मेलन को एआईएसएस जिला सचिव सत्यम भारद्वाज,पार्टी जिला परिषद सदस्य राजेश शर्मा, बीरबल राम, सरिता राय ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में सर्वसम्मति से 21 सदस्यीय शाखा कमिटी का गठन किया गया जिसमें जगन्नाथ पासवान को शाखा मंत्री एवं सुमित चौधरी, राजेश कुमार सहायक शाखा मंत्री चुने गए।
सम्मेलन में अरुण चौधरी, सुरेंद्र पासवान, सुनील चौधरी, देवेंद्र महतो, रामचंद्र राम, संतोष चौधरी, सुरेश पासवान, नीतू रजक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट